बांदा, 23 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के क्रम में कालिंजर थाना पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मंगलवार देर शाम चेकिंग के दौरान जुआ खेल रहे तीन शातिर बदमाशों को रंगे हाथों दबोच लिया, जबकि उनके तीन अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कालिंजर थाने की पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि तरहटी कालिंजर-बेलाताल मार्ग पर स्थित एक जर्जर गुंबद के पास कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर दांव खेल रहे हैं। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दबिश दी और तीन जुआरियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवल किशोर (निवासी कीरतपुर, पन्ना, म.प्र.), जयपाल (निवासी कटरा, कालिंजर, बांदा) और बाल किशन उर्फ बाटू (निवासी तरहटी, कालिंजर, बांदा) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 4,000 रुपये का मालफड़, व्यक्तिगत जामातलाशी से 1,145 रुपये, 52 ताश के पत्ते और वहां खड़ी तीन संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी अपने कब्जे में ले लीं। वहीं, पुलिस की आहट पाकर शेरा, चुन्नू और दुर्गेश नामक आरोपी अंधेरे की आड़ में फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
















