मुजफ्फरपुर, 23 सितंबर।
ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के जुरन छपरा इलाके में बुधवार को ओवरटेक करने को लेकर ऑटो चालक और बाइक सवार के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और बाइक सवार युवक ने ऑटो चालक के सिर पर बाइक की चाबी से हमला कर दिया।
हमले में ऑटो चालक के सिर से खून निकलने लगा। घटना के बाद जुरन छपरा मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सड़क पर मारपीट देखने के लिए स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
मौके पर मौजूद यातायात पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग कराया और घटना की जानकारी डायल 112 तथा ब्रह्मपुरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
बाइक सवार युवक का कहना था कि ओवरटेक के दौरान ऑटो से उसके भाई को चोट लगी थी। उसने बताया कि उसका भाई जुरन छपरा में ही काम करता है। युवक ने मौके पर घायल ऑटो चालक के इलाज का खर्च उठाने की बात भी कही।
हंगामे और भीड़ को देखते हुए पुलिस ने ऑटो और बाइक को भी जब्त कर लिया और दोनों वाहनों को थाने ले गई। घटना के कारण व्यस्त मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
ब्रह्मपुरा थाना प्रभारी विपिन रंजन ने बताया कि जुरन छपरा में ऑटो और बाइक सवार के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















