राजस्थान
10 Apr, 2026

तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर, झुंझुनूं में तीन की जान गई

झुंझुनूं में तेज गति से आ रहा ट्रेलर खेत के पास लगे तंबू में जा घुसा, जिससे दो बच्चों समेत तीन लोगों की जान चली गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे और दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

झुंझुनूं, 10 अप्रैल।

जिले के नंगली दीप सिंह गांव में शुक्रवार तड़के करीब चार बजे एक अनियंत्रित ट्रेलर खेत के पास लगे तंबू में जा घुसा। हादसे के समय दो परिवारों के लोग तंबू में सो रहे थे, जिनमें सात लोग चपेट में आ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तंबू में सो रहे लोग खून से लथपथ हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों में डोड्डी (सूरजगढ़) निवासी मुन्नाराम की 13 वर्षीय बेटी प्रियंका, बिजौली निवासी सुरेश की 12 वर्षीय बेटी मोहिनी उर्फ मोडी और सुरेश की पत्नी छोटकी उर्फ होठकी (27) शामिल हैं।

घायल सुनील (10), संजय (6) और संजीत (5) को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है, जबकि रवीना (20) का इलाज बीडीके अस्पताल झुंझुनूं में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार ये परिवार मजदूरी के लिए प्याज की खुदाई करने आए थे और खेत के पास ही तंबू लगाकर रह रहे थे। घटना के समय सभी लोग गहरी नींद में थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर नियंत्रण खोकर तंबू में घुस गया।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गुढ़ागौड़जी थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और मुआवजे व आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है। क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 34°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़