अजमेर 12 मई।
अजमेर में सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल मूल के दो चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से लगभग दो किलो चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बस से यात्रा करते हुए अजमेर पहुंचे थे और उन्हें सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दबोचा गया। शुरुआती जांच में उनके पास से बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ मिलने की पुष्टि हुई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में चेम कुमार पुत्र भीमसारु, निवासी मंगलापुर नेपाल तथा अजय राणा पुत्र मेरमान राणा, निवासी जिला पोखरारोड नेपाल शामिल हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने कुल कितनी चरस लेकर यात्रा शुरू की थी और रास्ते में किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई की गई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अजमेर या अन्य क्षेत्रों में इस नशे की खेप कहां पहुंचाई जानी थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में इस नेटवर्क के बड़े होने की आशंका जताई जा रही है और पूरे गिरोह की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। सूचना के आधार पर केंद्रीय बस स्टैंड के आसपास निगरानी रखते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।








.jpg)


