देवरिया, 12 मई।
देवरिया जिले में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बनकटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चार गोवंशीय पशुओं के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपित अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रामपुर बुजुर्ग-करजनिया मार्ग पर पैदल ले जाए जा रहे चार गोवंशीय पशुओं को बरामद किया गया। इसी दौरान मौके से दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया। पकड़े गए लोगों की पहचान रामपुर बुजुर्ग भटही निवासी गुड्डू पुत्र इसहाक (35) और शबरूद्दीन पुत्र भरत (40) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे इन गोवंशीय पशुओं को बनकटा थाना क्षेत्र के भड़सर निवासी गुड्डू शाह पुत्र छोटक साई के कहने पर बिहार के सिवान जिले के बगड़ा गांव निवासी मेठा नामक व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे।
घटना के संबंध में बनकटा थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे आरोपित गुड्डू शाह और मेठा की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर तलाश तेज कर दी गई है।









.jpg)


