बुलंदशहर, 29 अप्रैल।
बुलंदशहर जिले में तीहरे हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को पुलिस और स्वॉट टीम ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके पास से अवैध हथियार और घटना से जुड़ी डीवीआर भी बरामद की गई है।
खुर्जा क्षेत्राधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार रात सुभाष मार्ग स्थित एक जिम में जन्मदिन समारोह के दौरान अमरदीप, उसके चचेरे भाई मनीष और भतीजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
इस कार्रवाई के क्रम में सोमवार को मयंक, रुपेश और नरेश को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मंगलवार रात पुलिस ने दो और आरोपियों रिंकू सैनी और भरत सैनी को पकड़ लिया। इसके बाद साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस टीम आरोपियों को मुंडाखेड़ा नहर के पास ले गई थी।
इसी दौरान आरोपियों ने छिपाकर रखे गए तमंचों से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए और उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस प्रकरण में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।








.jpg)



