जोधपुर, 28 अप्रैल
पाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में सोमवार रात इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार बनाड़ क्षेत्र के देवलिया गांव निवासी 50 वर्षीय कंचन कंवर को परिजन बीमारी की स्थिति में पाल रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकों द्वारा बच्चेदानी और हृदय संबंधी समस्या को देखते हुए उनका ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के कुछ समय बाद ही उनकी मौत हो गई।
मृत्यु की खबर फैलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सुबह अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने डॉक्टरों का लाइसेंस रद्द करने और मृतका के आश्रितों को पचास लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी की।
स्थिति बिगड़ती देख देवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस में लिखित शिकायत भी दी, जिस पर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी के अनुसार महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था और प्रारंभिक जानकारी में बच्चेदानी एवं हृदय संबंधी समस्या सामने आई थी। ऑपरेशन के बाद ही उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई प्रक्रिया में है।













