सुपौल, 28 अप्रैल
जदिया थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। मामला उजागर होने के बाद आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार पीड़िता 28 वर्षीय महिला है, जो दो बच्चों की मां है। उसका पति रोजी-रोटी के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर के राजौरी में कार्यरत रहता है। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले 24 वर्षीय युवक मो. कुर्बान ने महिला से नजदीकी बढ़ाई और कथित तौर पर शादी का वादा कर उसका शोषण करता रहा।
आरोप है कि जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह लंबे समय तक भय के कारण चुप रही। हाल ही में आरोपी फिर उसके घर में घुस आया और जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया।
महिला के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद गांव में सामाजिक स्तर पर दोनों की शादी कराने की कोशिश भी की गई, लेकिन आरोपी ने स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया।
पीड़िता के आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जदिया के प्रभारी थानाध्यक्ष के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।













