प्रयागराज, 11 मई।
जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के नेवरिया गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। शव की स्थिति को देखकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय युवक विनय सिंह का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ की। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
परिजनों ने बताया कि युवक घर के बाहर दरवाजे पर चारपाई पर सोया हुआ था। देर रात किसी समय अज्ञात लोगों ने उसकी हत्या कर दी और शव को घसीटकर खेत में फेंक दिया। हालांकि, अभी तक मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।












