बलरामपुर, 28 अप्रैल।
तुलसीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चमरवोझिया में सोमवार देर रात बहूभोज कार्यक्रम के दौरान आयोजित डांस पार्टी में स्टेज पर चढ़ने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई और करीब छह लोग घायल हो गए।
पूर्व प्रधान ननके के पुत्र के विवाह अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में डांस पार्टी का आयोजन किया गया था, जहां शुरुआत में स्टेज पर चढ़ने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। यह कहासुनी पहले हाथापाई में बदली और मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को शांत कराया।
हालांकि कुछ समय बाद मामला फिर से बिगड़ गया और गांव के बाहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई मारपीट में कमलेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना में रोहित, सुरेश और मोहित समेत लगभग छह अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया।
मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा डांस कार्यक्रम देखने गया था और शुरुआती विवाद के बाद सभी लोग घर लौट गए थे, लेकिन बाद में दूसरे पक्ष ने दोबारा हमला कर दिया, जिसमें उनके बेटे की मौत हो गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो वर्ष की छोटी बेटी छोड़ गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और घटना की गहन जांच की जा रही है।













