इस्लामाबाद, 14 मई।
बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तान सेना के एक काफिले को निशाना बनाकर बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने बड़ा हमला किया, जिसमें आठ सैनिकों के मारे जाने का दावा सामने आया है और मारे गए सैनिकों में एक मेजर भी शामिल बताया गया है।
दूसरी ओर पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा अंतर-सेवा जनसंपर्क विभाग ने इस हमले की पुष्टि करते हुए कहा है कि मुठभेड़ और हमले के दौरान मेजर सहित कुल पांच सैनिकों की जान गई है, साथ ही कार्रवाई में सात लड़ाकों को भी मार गिराया गया है।
इधर बीएलए ने भी अपने सात लड़ाकों के मारे जाने की बात स्वीकार की है। जानकारी के अनुसार यह हमला चामलंग क्षेत्र के बाला डाक इलाके में उस समय किया गया जब सेना का काफिला वहां से गुजर रहा था और पहले रिमोट नियंत्रित विस्फोट के जरिए एक वाहन को निशाना बनाया गया।
इसके बाद हुई गोलीबारी में सेना को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया गया है, वहीं नुश्की के पास शेख वासिल चौकी पर हुई अलग झड़प में भी सैन्य बलों के प्रभावित होने की बात सामने आई है। दूसरी तरफ सेना ने बताया कि खुफिया आधारित कार्रवाई के दौरान भीषण संघर्ष हुआ, जिसमें मौके से हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए।





.jpg)








