खूंटी, 12 मई।
खूंटी पुलिस ने अफीम के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 426 ग्राम अफीम, 9 एमएम की एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले को लेकर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए आरोपितों की पहचान रूडुंगडीह निवासी धनिश लोहरा उर्फ हनी (20), कोटबो निवासी योगेंद्र साहू उर्फ जोगी (21) और बेलहाथी रोड पिपरा टोली निवासी राजेश कुमार महतो उर्फ कल्लू (26) के रूप में हुई है। तीनों वर्तमान में खूंटी के बेलहाथी रोड क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस को सोमवार को सूचना मिली थी कि चिकोर-हेसाहातु मुख्य मार्ग से तीन युवक मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार और अफीम लेकर गुजरने वाले हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान डोकाड़ गांव की ओर से आ रही मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखकर तीनों युवक मोटरसाइकिल छोड़ मौके से भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से अफीम, हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपितों ने अफीम के खरीद-बिक्री से जुड़े होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि योगेंद्र और राजेश के खिलाफ चार वर्ष पहले खूंटी थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक मामले में प्रकरण चल रहा है। वहीं धनिश लोहरा पर वर्ष 2025 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा चुका है। तीनों पहले भी जेल जा चुके हैं।









.jpg)


