सिलीगुड़ी, 06 मई
माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के चामटा इलाके में नशे में हंगामा कर रहे एक युवक द्वारा पड़ोसी दंपति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर रात की है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार आरोपित युवक पंचू चिकबड़ाईक अक्सर शराब के नशे में इलाके में उत्पात मचाता था। मंगलवार रात भी वह नशे की हालत में हंगामा कर रहा था, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। विरोध करने पर आरोपित ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी।
इस दौरान जब पीड़ित की पत्नी अपने पति को बचाने पहुंची तो आरोपित ने उस पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोगों में आक्रोश देखा गया।
पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना थाने में दी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पंचू चिकबड़ाईक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।








.jpg)




