अपराध
15 May, 2026

आदर्श नगर में संदिग्ध हालात में युवती की मौत, बिना पुलिस सूचना अंतिम संस्कार का प्रयास

आदर्श नगर में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

नई दिल्ली, 15 मई।

आदर्श नगर इलाके में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जहां परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार करने के लिए केवल पार्क श्मशान घाट पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को पीसीआर कॉल के माध्यम से जानकारी मिली कि केवल पार्क श्मशान घाट पर एक युवती का शव अंतिम संस्कार के लिए लाया गया है, लेकिन इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई थी। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में मृतका की पहचान 20 वर्षीय अंशिका पांडे के रूप में हुई, जो आजादपुर के लाल बाग क्षेत्र में रहती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या की है।

पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया की जानकारी न होने के कारण वे शव को सीधे श्मशान घाट ले आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीजेआरएम अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया और साथ ही क्राइम टीम व फॉरेंसिक साइंस लैब को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका ने इस वर्ष नीट की परीक्षा दी थी और परीक्षा रद्द होने के बाद से वह मानसिक तनाव में थी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़