जयपुर, 06 मई
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की बारां टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि विस्तार विभाग बारां के संयुक्त निदेशक आनन्दीलाल मीणा को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खाद, बीज और कीटनाशक के स्टॉक रजिस्टर के सत्यापन के बदले रिश्वत मांगने और वसूलने का आरोप है।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि 4 मई 2026 को दो परिवादियों ने शिकायत दी थी कि संयुक्त निदेशक आनन्दीलाल मीणा द्वारा खाद, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं से स्टॉक रजिस्टर सत्यापन के नाम पर प्रत्येक से पांच-पांच हजार रुपये की मांग की जा रही थी और उन्हें परेशान किया जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद 5 मई को एसीबी ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने परिवादियों से पांच-पांच हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें से दो हजार रुपये पहले ही ले लिए गए थे और शेष तीन हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
इसके बाद 6 मई 2026 को उप महानिरीक्षक पुलिस (एसीबी) ओमप्रकाश मीणा के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालूराम वर्मा के नेतृत्व तथा उप अधीक्षक पुलिस प्रेमचंद की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी संयुक्त निदेशक को एक परिवादी से पांच हजार रुपये और दूसरे से तीन हजार रुपये, कुल आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।








.jpg)




