उमरिया, 13 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ी एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है, जिसमें जिला समन्वयक कार्यालय में पदस्थ सहायक प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार गौतम का ड्यूटी पर पहुंचने से पहले ही अचानक निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को संतोष कुमार गौतम शहडोल से ट्रेन के माध्यम से उमरिया ड्यूटी के लिए आ रहे थे। इसी दौरान यात्रा के बीच उन्हें अचानक तेज सीने में दर्द की शिकायत हुई और उनकी तबीयत बिगड़ गई। आसपास मौजूद लोगों को जब तक स्थिति का अंदाजा होता, तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर उनकी मृत्यु का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
संतोष कुमार गौतम लंबे समय से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे थे। वे करकेली जनपद शिक्षा केंद्र में समन्वयक के रूप में कार्य कर चुके थे और साक्षर भारत मिशन में जिला समन्वयक की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे। वर्तमान में वे सहायक प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी के पद पर पदस्थ थे।
अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति समर्पण के कारण वे शिक्षा जगत में विशेष पहचान रखते थे। जटिल से जटिल कार्यों को भी सहजता से पूरा करने की उनकी क्षमता के लिए वे जाने जाते थे। वे समय के पाबंद और जिम्मेदार अधिकारी माने जाते थे, जबकि उनकी सेवा अवधि में अभी लगभग दो वर्ष शेष थे।
उनके अचानक निधन से विभाग में गहरा शोक व्याप्त हो गया है। सहकर्मियों, शिक्षकों और परिचितों ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं।








.jpg)



