अपराध
14 May, 2026

मीरजापुर में शातिर चोरी, छत का दरवाजा बंद कर चोरों ने उड़ाए लाखों के जेवर और नकदी

मीरजापुर के मड़िहान क्षेत्र के रजौहा गांव में चोरों ने छत पर सो रहे परिवार को बाहर से बंद कर घर में घुसकर लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर ली, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

मीरजापुर, 14 मई।

मड़िहान थाना क्षेत्र के रजौहा गांव में बुधवार देर रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई, जिसमें चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से परिवार को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल फैल गया।

जानकारी के अनुसार रजौहा गांव में रहने वाले रामलाल की पत्नी दया देवी और उनका छोटा बेटा रोहित घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर में प्रवेश कर लिया और ऊपर सो रहे लोगों को छत पर ही बाहर से बंद कर दिया, ताकि वे नीचे न उतर सकें।

इसके बाद चोरों ने सीढ़ियों के रास्ते नीचे पहुंचकर कमरे का कुंडा तोड़ दिया और भीतर दाखिल हो गए। अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवर और नकदी को समेटकर फरार हो गए।

सुबह जब दया देवी की नींद खुली तो उन्होंने पाया कि छत का दरवाजा बाहर से बंद है। शोर मचाने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खोला, जिसके बाद नीचे कमरे में बिखरा हुआ सामान देखकर परिवार स्तब्ध रह गया।

पीड़ित परिवार ने बताया कि चोर सोने का मंगलसूत्र, झुमका, बिजली, दो अंगूठी सेट, दो सेट पैजनी, दुल्हनिया पायल और छह हजार रुपये नकद ले गए। वारदात के बाद चोर घर के पीछे स्थित तालाब के पास खाली अटैची और सूटकेस छोड़कर फरार हो गए।

घटना की सूचना पर पटेहरा चौकी प्रभारी अमरनाथ यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य और फिंगरप्रिंट जुटाए गए, वहीं तालाब के पास मिले सामान को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर जल्द खुलासा करने की बात कही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़