अपराध
12 May, 2026

बाड़े से मिला डेढ़ क्विंटल डोडा, कांग्रेस नेता पर केस

चित्तौड़गढ़ के कपासन क्षेत्र में पुलिस ने बाड़े से बड़ी मात्रा में डोडा और अफीम बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, वहीं कांग्रेस नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

चित्तौड़गढ़, 12 मई।

चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन थाना क्षेत्र में पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाड़े से डेढ़ क्विंटल से अधिक बिना चीरा लगा डोडा और एक किलो से ज्यादा अफीम बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक टोपीदार बंदूक भी जब्त की है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, वहीं क्षेत्र के एक कांग्रेस नेता के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत सूचना मिली थी कि धमाणा गांव निवासी लोकेश पुत्र नानूराम के बाड़े में बिना चीरा लगा डोडा रखा गया है और उसके तस्करी में इस्तेमाल होने की आशंका है। जानकारी मिलते ही कपासन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाड़े में तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान एक कमरे में रखे चार बोरों से बिना चीरा लगा डोडा बरामद किया गया। पुलिस जांच में इसका कुल वजन 151 किलो 640 ग्राम पाया गया। इसके साथ ही एक टोपीदार बंदूक भी जब्त की गई। आगे की तलाशी में स्टील के डिब्बे में रखी 1 किलो 475 ग्राम अफीम भी बरामद हुई।

मौके पर मौजूद लोकेश जाट के पिता नानूराम से बरामद सामग्री के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन उनके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर नानूराम पुत्र भगवानलाल जाट को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि बरामद डोडा बिना चीरा लगा हुआ मिला, जो सीपीएस पद्धति का पाया गया है। इस तरह का डोडा तौल के बाद बिना चीरा स्थिति में मिलना गंभीर मामला माना जा रहा है। जांच के दौरान धमाणा निवासी और कपासन क्षेत्र के कांग्रेस नेता लोकेश जाट के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच राशमी थाना प्रभारी को सौंपी गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़