मध्य प्रदेश
29 Apr, 2026

भोपाल में 13 दिन बाद गड्ढे में मिला लापता कारोबारी का शव, कॉल डिटेल से हत्या की आशंका

भोपाल के गुनगा क्षेत्र में 13 दिनों से लापता व्यापारी का शव पानी से भरे गड्ढे में मिलने के बाद कॉल डिटेल के आधार पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

भोपाल, 29 अप्रैल।

भोपाल के गुनगा क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब 13 दिनों से लापता एक व्यापारी का शव पानी से भरे गड्ढे में बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और पूरे मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 40 वर्षीय देवेंद्र मेहरा के रूप में हुई है, जो लांबाखेड़ा क्षेत्र में हर्ष ट्रांसपोर्ट के पीछे निवास करते थे और ललवानी प्रेस रोड स्थित कोतवाली इलाके में लेडीज पर्स की दुकान संचालित करते थे। वे 17 अप्रैल की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे यह कहकर घर से निकले थे कि गुटखा लेकर लौटेंगे, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट ईंटखेड़ी थाने में दर्ज कराई थी।

पुलिस जांच में देवेंद्र की अंतिम लोकेशन धमर्रा बैरसिया रोड पर सामने आई, जो उनके ताऊ के खेत के आसपास की बताई जा रही है। बुधवार सुबह परिजन जब उसी खेत में तलाश के लिए पहुंचे तो वहां पानी से भरे गड्ढे में उनका शव मिला। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था और उसकी पहचान कपड़ों, मोबाइल तथा चप्पलों के आधार पर की गई।

इस मामले में कॉल डिटेल्स से अहम संकेत सामने आए हैं। देवेंद्र की अंतिम तीन कॉल उनके करीबी रिश्तेदारों—एक महिला, ताऊ के बेटों और अन्य परिजनों के नंबर पर दर्ज हैं। परिजनों ने मनोज मेहरा, कालूराम और मीराबाई पर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि कॉल रिकॉर्ड में इनसे अंतिम बातचीत दर्ज है, हालांकि सभी ने इससे इनकार किया है। साथ ही, मौत की सूचना मिलने के बाद भी इन लोगों के मौके पर न पहुंचने से संदेह और गहरा हो गया है।

मृतक के बड़े भाई नारायण मेहरा ने बताया कि जिस खेत में शव मिला है वह उनके बड़े पिता का है और मनोज से अंतिम बातचीत की पुष्टि कॉल डिटेल में भी हो रही है, लेकिन इसके बावजूद वह इससे इनकार कर रहा है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ा दी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़