नागौर, 29 अप्रैल।
जिले के मारवाड़ मुंडवा क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक प्रेमी जोड़े द्वारा कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास करने की जानकारी सामने आई। घटना के बाद दोनों की स्थिति तेजी से बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि युवक ने हालत गंभीर होने पर अपने छोटे भाई को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार युवक और युवती पड़ोसी गांवों के रहने वाले हैं। युवती पिछले दो दिनों से घर से लापता थी, जिसकी सूचना मंगलवार शाम उसके परिजनों ने पुलिस को दी थी। दोनों मंगलवार रात एक खेत में रुके हुए थे, जहां बुधवार सुबह उन्होंने कीटनाशक का सेवन कर लिया।
जहर के असर से कुछ ही देर में दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। युवती की हालत तेजी से गंभीर होती गई, जबकि युवक को उल्टियां शुरू हो गईं। स्थिति बिगड़ने पर युवक ने अपने भाई को फोन कर पूरी जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया, जिसके बाद दोनों को गंभीर हालत में मारवाड़ मुंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को देखते हुए दोनों को नागौर के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल पहुंचने पर दोनों की हालत गंभीर थी, जिसमें युवती की स्थिति युवक की तुलना में अधिक नाजुक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग के चलते यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है और दोनों परिवारों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।







.jpg)





