बूंदी, 29 अप्रैल।
जिले के तालेड़ा थाना क्षेत्र के ठीकरी कला गांव में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक रूप ले लिया, जहां पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार रात करीब दस बजे की बताई गई है। गांव निवासी हेमराज और उसकी पत्नी रामीबाई के बीच पिछले दो दिनों से लगातार विवाद चल रहा था, जो बाद में हिंसक रूप ले लिया।
विवाद बढ़ने पर हेमराज ने आपा खोते हुए पत्नी पर कुल्हाड़ी से सिर और गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तत्काल घायल महिला को 108 एम्बुलेंस की मदद से तालेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के तीन बेटियां हैं, और घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही तालेड़ा पुलिस उप अधीक्षक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से जांच की प्रक्रिया पूरी की।
जांच में सामने आया कि मृतका के बच्चों से भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आरोपी हेमराज को संदिग्ध माना गया है। घटना के बाद से वह फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है।






.jpg)





