बिहार
13 Mar, 2026

फारबिसगंज में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, घर और दुकान से 250 से अधिक सिलेंडर जब्त

फारबिसगंज में प्रशासन की छापेमारी में 250 से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई से इलाके में हड़कंप।

अररिया, 13 मार्च

जिले के फारबिसगंज में जिला प्रशासन ने गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाई सौ से अधिक भरे घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए। यह कार्रवाई गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के खिलाफ की गई।

फारबिसगंज के पोखर बस्ती वार्ड संख्या 15 स्थित अंसारी चौक के पास प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी का खुलासा किया। फारबिसगंज के एसडीएम अभय कुमार तिवारी के नेतृत्व में अवर निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कृष्ण और फारबिसगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक घर और गोदाम के रूप में उपयोग की जा रही बंद दुकान पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में ढाई सौ से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए।

छापेमारी के दौरान मो. इमरान, पिता मो. साबिर के घर और गोदाम से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद हुए। प्रशासन का मानना है कि इन सिलेंडरों को अनाधिकृत तरीके से कालाबाजारी के उद्देश्य से जमा कर रखा गया था। मौके से सभी सिलेंडरों को जब्त कर फारबिसगंज थाना भेज दिया गया है।

प्रशासन ने बताया कि मो. इमरान, पिता मो. साबिर के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मौके पर मौजूद एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने कहा कि जमाखोरी और कालाबाजारी को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता को आश्वस्त किया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग लगातार गैस एजेंसियों के माध्यम से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को जानकारी दें।

एसडीएम ने कहा कि इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध रसोई गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कृत्रिम कमी और अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। लोगों को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगेगी।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़