रायपुर, 06 मई
पंडरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक व्यक्ति ने अपनी दो सालियों पर गोली चला दी। इस घटना में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी जितेंद्र वर्मा पेशे से बाउंसर है और उसका अपनी पत्नी से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते पत्नी अपनी बहनों के साथ अलग रह रही थी। मंगलवार रात जितेंद्र अपने बच्चे से मिलने पहुंचा था, लेकिन दोनों सालियों ने उसे रोक दिया, जिससे वह आक्रोशित हो गया।
आक्रोश में आकर जितेंद्र वर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दोनों बहनों दुर्गेश्वरी और गीतांजलि पर गोली चला दी। गोली लगने से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद आरोपी खुद पंडरी थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। उसने दोनों सालियों को गोली मारने की बात स्वीकार करते हुए अपना अपराध भी कबूल किया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।








.jpg)




