धर्मशाला, 06 मई
जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कांगड़ा थाना क्षेत्र में एक रिहायशी मकान से चिट्टा, नशीले कैप्सूल और नकदी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने बताया कि विशेष टीम द्वारा गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर गांव तरसूह में स्थित एक मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से नशीला पदार्थ और नकदी बरामद की गई।
बरामदगी में 12.18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 14 नशीले कैप्सूल और 42,150 रुपये नकद शामिल हैं। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेरू राम पुत्र स्वरूप कुमार, निवासी गांव तरसूह, डाकघर सकोट, तहसील एवं जिला कांगड़ा (उम्र 42 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने रिहायशी मकान से नशे का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह इलाके में चिट्टा बेचने की गतिविधियों में संलिप्त था।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।








.jpg)




