बरेली, 06 मई
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में औद्योगिक इलाके की एक फर्म में सुरंग बनाकर करीब 20 लाख रुपये का तांबा चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। बुधवार को हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल 2026 को सिविल लाइंस की भटनागर कॉलोनी निवासी शिवानी जैन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी फर्म पद्मावती एसोसिएट के परिसर में दीवार के पास सुरंग बनाकर चोरों ने लगभग दो टन कॉपर स्क्रैप चोरी कर लिया। चोरी गए माल की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
बुधवार को सीबीगंज पुलिस टीम झुमका तिराहा से बिलवा पुल की ओर बंडिया नहर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी किया गया तांबा बेचने के लिए तीन बदमाश ई-रिक्शा से क्षेत्र में आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग तेज कर दी।
चेकिंग के दौरान जब संदिग्ध ई-रिक्शा को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार आरोपी भागने लगे, लेकिन जल्दबाजी में उनका वाहन कच्चे रास्ते पर पलट गया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। उनकी पहचान निजाम (24) और अब्दुल समी (22), निवासी महेशपुर सीबीगंज के रूप में हुई है।
तीसरे आरोपी मोहम्मद खालिद (55) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के पास से अवैध तमंचे, कारतूस, नगदी, ई-रिक्शा और फर्म से चोरी किया गया लगभग 65 किलोग्राम तांबे का तार बरामद हुआ है।
घायल दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
अधिकारियों के अनुसार सुरंग बनाकर की गई इस बड़ी चोरी का खुलासा पुलिस की लगातार जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर किया गया। अब आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।








.jpg)




