भोपाल, 15 मई।
भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस ने इस प्रकरण में बड़ा कदम उठाते हुए सास गिरीबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या, हत्या, दहेज प्रताड़ना और साक्ष्य छिपाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 की रात ट्विशा शर्मा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि, मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे हत्या का मामला बताया है।
परिजनों का आरोप है कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए थे, जो मारपीट की ओर संकेत करते हैं। साथ ही शादी के बाद से ही दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप भी लगाया गया है।
ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं और उनकी शादी दिसंबर 2025 में समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज उत्पीड़न की शिकायतें सामने आने लगी थीं।
मृतका के भाई सहित परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रभावशाली परिवार होने के कारण शुरुआती दौर में पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरती गई।
परिजनों ने थाने के बाहर और महिला थाने में प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की थी तथा अंतिम संस्कार को एफआईआर दर्ज होने से जोड़ा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
यह मामला इसलिए भी संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि इसमें न्यायिक पृष्ठभूमि से जुड़े परिवार का नाम सामने आया है, जिसके चलते पूरे शहर में इस पर नजर बनी हुई है।










.jpg)
.jpg)



