हिमाचल प्रदेश
07 May, 2026

हिमाचल पंचायत चुनाव में बढ़ी हलचल, नामांकन शुरू होते ही सक्रिय हुए दल

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसमें 3754 पंचायतों में होने वाले चुनावों को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शिमला, 07 मई।

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से प्रारंभ हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 7, 8 और 11 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 14 और 15 मई को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 15 मई को ही अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी।

प्रदेश की 3754 पंचायतों में होने वाले इन चुनावों को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इन्हें सत्ता का “सेमीफाइनल” कहा जा रहा है। माना जाता है कि पंचायत स्तर पर मजबूत स्थिति बनाने वाले नेताओं की राह आगे विधानसभा चुनावों में भी आसान हो जाती है। इसी कारण सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी भाजपा दोनों ही दल गांव स्तर तक पूरी ताकत के साथ सक्रिय हैं।

इस बार चुनावी माहौल में कई रोचक स्थितियां भी देखने को मिल रही हैं। सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी और अधिकारी भी चुनाव मैदान में उतर आए हैं और कई पूर्व अधिकारी पंचायत प्रधान पद के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर राजनीतिक दलों के भीतर गुटबाजी भी खुलकर सामने आ रही है, जहां कई स्थानों पर असंतुष्ट धड़ों ने अपने समर्थित प्रत्याशी खड़े किए हैं, जिससे दोनों प्रमुख दलों की चिंता बढ़ी हुई है।

राज्य में कुल 31 हजार से अधिक पदों पर चुनाव होने हैं, जिनमें पंचायत सदस्य, प्रधान, उपप्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। लगभग सभी पंचायतों में विभिन्न पदों के लिए बड़ी संख्या में प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतर चुके हैं, हालांकि उम्मीदवार चयन में राजनीतिक दलों और प्रभावशाली नेताओं की भूमिका स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण का मतदान 26 मई को, दूसरे चरण का 28 मई को और तीसरे चरण का मतदान 30 मई को संपन्न होगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के परिणाम मतदान के तुरंत बाद घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 31 मई को होगी। इसी दिन चार नगर निगमों सोलन, पालमपुर, धर्मशाला और मंडी के चुनावों की मतगणना भी की जाएगी, जिनका मतदान 17 मई को होना है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़