भोपाल, 30 मई ।
नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ी के विरोध में शनिवार को राजधानी भोपाल में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री निवास के घेराव के लिए निकले प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रेडक्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रोक दिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार सहित कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पांच बार वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
स्थिति अधिक तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, सिलवानी विधायक एवं रायसेन जिला अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, विदिशा जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं को हिरासत में लेकर रातीबड़ थाने भेज दिया।
गिरफ्तारी के बाद रातीबड़ थाने में दिग्विजय सिंह और अन्य कार्यकर्ताओं ने “रघुपति राघव राजा राम” भजन-कीर्तन कर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। उधर, पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी की सूचना फैलने के बाद कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले को लेकर प्रदेश का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। कांग्रेस ने इसे छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए आंदोलन जारी रखने के संकेत दिए हैं।











