मध्य प्रदेश
01 Jun, 2026

हाईवे पर चलते-चलते आग का गोला बनी बस, जान बचाने के लिए 45 यात्रियों ने खिड़कियों से लगाई छलांग

ग्वालियर–इंदौर हाईवे पर चलती स्लीपर बस में अचानक लगी भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई, हालांकि चालक और स्थानीय लोगों की मदद से 45 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

ग्वालियर, 01 जून।

ग्वालियर में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात एक भयावह सड़क हादसा होने से टल गया। ग्वालियर से इंदौर जा रही एक स्लीपर कोच बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही क्षणों में विकराल रूप धारण कर लिया। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। चालक और परिचालक की त्वरित सक्रियता तथा स्थानीय लोगों की सहायता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा अनर्थ होने से बच गया। हालांकि, इस घटना में पूरी बस जलकर खाक हो गई।

बस (एमपी 09 एफए 9349) रात 10 बजे ग्वालियर से इंदौर के लिए निकली थी। रात लगभग 11 बजे जब बस पनिहार रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची, तो अचानक इंजन और पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते लपटों ने पूरी बस को अपनी आगोश में ले लिया। चलती बस में धुआं और आग फैलने से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने बस को आनन-फानन में सड़क किनारे रोका। आग तेजी से फैलने के कारण मुख्य दरवाजे पर भगदड़ मच गई और कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर छलांग लगा दी।

राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य में पूरा सहयोग दिया, जिससे सभी 45 यात्रियों को सकुशल निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही पनिहार थाना पुलिस और दमकल विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर यातायात को कुछ समय के लिए बाधित किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस का अधिकांश ढांचा जलकर नष्ट हो चुका था।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल, घटना की परिस्थितियों और यात्रियों के सामान को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़