भोपाल, 01 जून ।
जून महीने के पहले कामकाजी दिन सोमवार को राजधानी की सरकारी फिजा राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। मंत्रालय परिसर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में सुबह के समय राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" और राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस आयोजन के दौरान पुलिस बैंड की सुरीली धुनों ने वातावरण को और भी गौरवमयी बना दिया।
देशभक्ति से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, संजय कुमार शुक्ला और प्रमुख सचिव मनीष सिंह की प्रमुख उपस्थिति रही। साथ ही, वल्लभ भवन, सतपुड़ा और विंध्याचल भवन में पदस्थ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस के जवानों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार की परंपरा के अनुसार, हर माह के पहले कार्य दिवस पर मंत्रालय और राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में स्थित सरकारी दफ्तरों में वंदे-मातरम एवं राष्ट्र-गान का सामूहिक गायन एक अनिवार्य और गौरवपूर्ण गतिविधि के रूप में आयोजित किया जाता है।











