भोपाल, 01 जून।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल के जन्मदिवस के अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित राजभवन पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ, अंग वस्त्र तथा बाबा महाकाल की प्रतिकृति भेंट कर उनका सम्मान किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में राज्यपाल मंगुभाई पटेल को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनकी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और अंत्योदय के प्रति समर्पण अत्यंत प्रेरणादायक है तथा मां नर्मदा से उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की गई।
मंगुभाई पटेल का जन्म 1 जून 1944 को गुजरात के नवसारी जिले में हुआ था। समाजसेवा को प्रमुख ध्येय मानते हुए उनकी रुचि खेल, संगीत और अध्ययन में रही है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत स्थानीय निकायों से की तथा 1982 से 1987 तक नवसारी नगर पालिका के सदस्य रहे।

वे भारतीय जनता पार्टी में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं, जिनमें गुजरात भाजपा आदिवासी मोर्चा के अध्यक्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष और महासचिव के पद शामिल हैं। वे 1990 से 2017 तक लगातार गुजरात विधानसभा के सदस्य रहे तथा राज्य सरकार में जनजातीय कल्याण, वन एवं पर्यावरण और कुटीर एवं उद्योग विभागों के मंत्री पद पर भी रहे। इसके अतिरिक्त वे विधानसभा के उपाध्यक्ष और कार्यवाहक अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
जनजातीय कल्याण एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में उनके योगदान को विशेष रूप से उल्लेखनीय माना जाता है। उन्होंने सिकल सेल उन्मूलन अभियान, जनजातीय विकास योजनाओं, पेसा अधिनियम के क्रियान्वयन तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े कई नवाचारों को बढ़ावा दिया। उनके प्रयासों से जनजातीय अध्ययन केंद्रों एवं विश्वविद्यालयों की स्थापना को भी गति मिली।
उन्होंने जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका, केन्या, युगांडा, कैमरून, कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका सहित कई देशों की यात्राएं कर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। वे कई पुस्तकों के लेखक भी हैं, जिनमें मौन का उद्घोष, मन की बात, अखंडता का उत्सव और संकल्प का सामर्थ्य शामिल हैं। वे 8 जुलाई 2021 से मध्य प्रदेश के राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं।











