मध्य प्रदेश
01 Jun, 2026

जनसमस्याओं पर पूर्व विधायक का घेराव, आंदोलन की चेतावनी

पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह ‘बन्ना’ ने पेयजल, सड़क सुरक्षा, विकास कार्यों, बिजली व्यवस्था और अवैध शराब बिक्री सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

मऊगंज, 01 जून ।

मऊगंज जिले में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर पूर्व कांग्रेस विधायक सुखेंद्र सिंह ‘बन्ना’ ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उनके साथ समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

पूर्व विधायक ने कहा कि जिले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन उनके समाधान के लिए अपेक्षित स्तर पर प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।

ज्ञापन में मऊगंज-हनुमना राष्ट्रीय राजमार्ग पर बराव बाईपास और मोटवा पहाड़ी क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने इन स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और ओवरब्रिज निर्माण की मांग करते हुए कहा कि हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है और सुरक्षा के स्थायी उपाय जरूरी हैं।

आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए उन्होंने मऊगंज और हनुमना क्षेत्र में नालियों की सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग भी रखी। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक तैयारियां नहीं की गईं तो जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले सकती है।

पूर्व विधायक ने पंचायतों में विकास कार्यों की धीमी गति पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि 15वें वित्त आयोग की राशि के अनुमोदन में हो रही देरी के कारण कई विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं और स्थानीय स्तर पर कार्य बाधित हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने जर्जर विद्युत लाइनों के सुधार और खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने की मांग की। उनका कहना है कि इससे ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग भी की गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की गतिविधियां सामाजिक और पारिवारिक समस्याओं को बढ़ावा दे रही हैं, इसलिए संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

इसके अलावा नगर परिषद मऊगंज क्षेत्र में पुनर्वासित परिवारों, अनुसूचित जाति वर्ग के हितग्राहियों और भूमिहीन परिवारों को आवास तथा मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। साथ ही सभी पात्र लोगों तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

पूर्व विधायक ने कहा कि यदि इन जनसमस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़