राजगढ़, 2 जून ।
राजगढ़ जिले में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित नगरपालिका की पानी की टंकी पर एक महिला चढ़ गई और प्रशासन से अपनी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगी।
महिला हाथ में आवेदन लेकर टंकी के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई और नीचे मौजूद अधिकारियों को बुलाने की मांग करते हुए तेज धूप में लगातार अपनी बात रखने लगी, जिससे मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
इस दौरान महिला ने अपने पति, जेठ और देवर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार शिकायत लेकर थाने जाने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई, जिससे परेशान होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा और वह न्याय के लिए प्रशासन के सामने पहुंची।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और नगरपालिका का अमला मौके पर पहुंचा और महिला को समझाने का प्रयास शुरू किया।
करीब एक घंटे तक चली बातचीत के बाद अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिला टंकी से नीचे उतरने के लिए राजी हुई।
इसके बाद पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है, साथ ही अधिकारियों ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











