अशोकनगर, 2 जून ।
अशोकनगर में मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई के दौरान धोखाधड़ी और संपत्ति हड़पने से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया, जहां एक पीड़ित ने अपनी गिरवी रखी चांदी की करदोनी वापस न मिलने और पैसे हड़पने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की।
चंदेरी तहसील के ग्राम बामोर हुर्रा निवासी पीड़ित ने चंदेरी के ही एक व्यक्ति पर आरोप लगाया कि उसने उसकी लगभग 500 ग्राम चांदी की करदोनी और नकद राशि अपने पास रख ली तथा विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट कर दुकान से भगा दिया।
पीड़ित के अनुसार वर्ष 2019 में उसने अपनी चांदी की करदोनी 9000 रुपये में गिरवी रखी थी और उस पर 2 रुपये सैकड़ा ब्याज तय हुआ था, जिसके तहत वह हर वर्ष 1600 रुपये ब्याज भी देता रहा, साथ ही अतिरिक्त 5000 रुपये भी उसने आरोपी को दिए थे, लेकिन उसे उसका सही हिसाब नहीं दिया गया।
जब पीड़ित अपनी करदोनी वापस लेने गया तो आरोपी ने उससे 60 हजार रुपये की मांग कर दी, जिससे विवाद बढ़ गया और आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का देकर भगा दिया गया तथा धमकी भी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि इस मामले की शिकायत उसने 27 मई को चंदेरी थाने में भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उसे न्याय की मांग के लिए कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचना पड़ा।











