टीकमगढ़, 2 जून ।
टीकमगढ़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गोपालपुर-कारी हल्के में पदस्थ पटवारी अजय सूत्रकार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला जमीन से जुड़े रास्ते के एक प्रकरण में कार्रवाई करने के बदले रिश्वत मांगने से जुड़ा है, जिसमें पटवारी द्वारा किसान से कुल 15 हजार रुपये की मांग की गई थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार फुटेरी गांव निवासी किसान पुन उर्फ पोंटू आदिवासी का जमीन संबंधी रास्ते का मामला लंबे समय से लंबित था, जिसे आगे बढ़ाने के एवज में आरोपी पटवारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
आरोप है कि पटवारी पहले ही किसान से 5 हजार रुपये ले चुका था और शेष 10 हजार रुपये लेने के लिए दबाव बना रहा था, जिसके बाद पीड़ित ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
मंगलवार को तय योजना के अनुसार किसान जैसे ही 10 हजार रुपये लेकर पंचायत भवन पहुंचा और पटवारी ने राशि अपने हाथ में ली, वैसे ही लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी का रासायनिक परीक्षण भी किया गया, जिसमें हाथ धुलने पर घोल का रंग बदल गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई और इसके बाद राशि जब्त कर ली गई।
पटवारी की गिरफ्तारी की सूचना फैलते ही राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया और पंचायत भवन परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जहां लोग पूरे घटनाक्रम पर चर्चा करते नजर आए।
लोकायुक्त अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय कार्य के बदले रिश्वत मांगने की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।











