मध्य प्रदेश
02 Jun, 2026

वन सुरक्षा में डिजिटल पहल, ‘गुप्तचर ऐप’ से ग्रामीण बनेंगे वन प्रहरी

वन विभाग द्वारा शुरू किया गया ‘गुप्तचर ऐप’ ग्रामीणों की गोपनीय भागीदारी के माध्यम से वन अपराधों की निगरानी और वन संरक्षण को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

भोपाल, 02 जून ।

वन और वन्यजीवों की सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में वन विभाग ने नई डिजिटल पहल करते हुए ‘गुप्तचर ऐप’ शुरू किया है। इस ऐप के माध्यम से स्थानीय नागरिक स्वयं को गुप्तचर के रूप में पंजीकृत कर वन संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे। ऐप की पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और सहज रखा गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोग इससे आसानी से जुड़ सकें।

पंजीकरण के बाद प्रत्येक उपयोगकर्ता को एक विशेष गुप्तचर आईडी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय बनी रहती है। यह व्यवस्था वन संरक्षण से जुड़ी सूचनाओं के सुरक्षित आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ जन-सहभागिता को भी मजबूत करेगी। विभाग का मानना है कि यह ऐप प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा में स्थानीय समुदाय की भूमिका को और प्रभावी बनाएगा।

यह पहल विशेष रूप से दक्षिण सिवनी वनमंडल के वन क्षेत्रों से लगे गांवों के निवासियों को वन सुरक्षा गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार की गई है। ग्रामीण इस ऐप के जरिए वन अपराधों से संबंधित जानकारी सीधे वन विभाग तक पहुंचा सकेंगे, जिससे समय पर कार्रवाई संभव हो सकेगी।

रिपोर्टिंग प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ऐप में ड्रॉप-डाउन सूची की सुविधा दी गई है। इसमें अवैध वृक्ष कटाई, वन्यजीव शिकार, अतिक्रमण, आगजनी सहित अन्य वन अपराधों की श्रेणियां शामिल हैं। इससे प्राप्त सूचनाओं का वर्गीकरण आसान होगा और संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

ऐप में वन विभाग के अधिकारियों के संपर्क विवरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। रेंज अधिकारी से लेकर वनमंडलाधिकारी तक के मोबाइल नंबर इसमें शामिल हैं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उपयोगकर्ता सीधे अधिकारियों से संपर्क कर जानकारी साझा कर सकते हैं। इससे सूचना संप्रेषण और कार्रवाई की प्रक्रिया अधिक सशक्त होगी।

गुप्तचर ऐप की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि वन विभाग के अधिकारी परिक्षेत्र और बीट स्तर पर पंजीकृत गुप्तचरों से उनके मोबाइल नंबरों के माध्यम से सीधे संवाद स्थापित कर सकेंगे। इसके जरिए वन सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर स्थानीय समुदाय के साथ बेहतर समन्वय विकसित किया जाएगा।

वन विभाग के अनुसार यह ऐप वन अपराधों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ जन-सहभागिता आधारित वन संरक्षण मॉडल को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

‘गुप्तचर ऐप’

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.ginfosoft.guptchar

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़