भागलपुर, 15 मई।
जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में शुक्रवार से सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों के भाषाई कौशल, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक समझ को सुदृढ़ करना है।
यह समर कैंप राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है, जिसमें राष्ट्रीय एकता की भावना को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। मध्य विद्यालय जगदीशपुर के प्रधानाध्यापक आशुतोष चंद्र मिश्र ने बताया कि बच्चे इस गतिविधि में पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्र अपनी मातृभाषा के साथ-साथ अन्य भारतीय भाषाओं और सांकेतिक भाषा की भी समझ विकसित करेंगे, साथ ही विभिन्न राज्यों की संस्कृति, कला और परंपराओं से परिचित होने का अवसर प्राप्त करेंगे।
समर कैंप के पहले दिन शिक्षिका वीणा कुमारी, प्रतिमा मिश्रा और वीवी नाहिदा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को अलग-अलग क्षेत्रों में अभिवादन करने के तरीकों की जानकारी दी गई तथा इससे जुड़ी गतिविधियों में छात्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पूरे कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं का उत्साह देखने लायक रहा।















