मंदसौर, 09 अप्रैल।
मंदसौर जिले के दलौदा थाना क्षेत्र के आक्या गांव के पास 8 अप्रैल की रात एक गंभीर सड़क हादसे में इंदौर के दंपति पंकज सिंह और अंजू सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए चार बच्चों सहित कई घायलों की जान बचाई और मौके पर सराहनीय राहत कार्य किया।
जानकारी के अनुसार, एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिसमें सवार छह बच्चे और चार वयस्क गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दलौदा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। इसी दौरान इंदौर निवासी दंपति वहां से गुजर रहे थे और उन्होंने बिना देर किए राहत कार्य में सहयोग देना शुरू किया।
पंकज और अंजू सिंह ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाने में मदद की। विशेष रूप से अंजू सिंह ने स्वयं घायल बच्चों को पुलिस वाहन में बैठाया, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका और उनकी जान बची। उनके तत्पर और निःस्वार्थ प्रयास को स्थानीय लोग और पुलिस ने अत्यधिक सराहा।
थाना प्रभारी दलौदा उपनिरीक्षक शुभम व्यास ने दंपति को थाना परिसर में आमंत्रित कर सम्मानित किया और उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही मध्य प्रदेश शासन की ‘राहवीर योजना’ के तहत पंकज और अंजू सिंह के नाम 25 हजार रुपये के पुरस्कार हेतु प्रस्ताव भी भेजा गया है। यह घटना मानवता और समाज सेवा की मिसाल के रूप में जिले में चर्चा का विषय बनी।








.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)