जोधपुर, 07 मई।
शहर की निजी बसों में चोर गिरोह सक्रिय होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में एक बार फिर महिला यात्री के ट्रॉली बैग से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार पीड़िता छैलू कंवर 3 मई को अपने पीहर से जोधपुर के लिए निजी बस से रवाना हुई थीं। सफर के दौरान उन्होंने अपना ट्रॉली बैग ड्राइवर सीट के पीछे रखा हुआ था, जिसमें भारी मात्रा में सोने के आभूषण सुरक्षित रखे हुए थे।
महिला के अनुसार यात्रा के दौरान बस में कुछ संदिग्ध युवक भी मौजूद थे। एक युवक द्वारा बैग को उठाकर पास रखे ढोल में डालने की कोशिश की गई, लेकिन मना करने पर उसने बैग वापस रख दिया। इसके बाद वे युवक रास्ते में उतर गए।
घर पहुंचने पर जब महिला ने बैग खोला तो उसमें रखे लगभग 16 तोला सोने के जेवरात गायब मिले, जबकि बैग का लॉक पूरी तरह सुरक्षित पाया गया। इस घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने बस स्टाफ से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध युवकों की पहचान की जा सके और पूरे गिरोह तक पहुंचा जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 3 मई को निजी बस में इसी तरह की एक अन्य घटना सामने आई थी, जिसमें एक महिला यात्री के बैग से सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान चोरी हो गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से बस यात्रियों में दहशत का माहौल है।





.jpg)

.jpg)





