भोपाल, 07 मई।
किसानों की समस्याओं तथा गेहूं खरीदी व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को मध्य प्रदेश के कई जिलों में चक्काजाम आंदोलन किया, जिससे ग्वालियर, मुरैना, शाजापुर, इंदौर और धार सहित प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो गया तथा हजारों वाहन फंस गए। कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़पें हुईं और गिरफ्तारियों की स्थिति भी बनी।
ग्वालियर में नेशनल हाईवे-44 पर बिना अनुमति हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बलपूर्वक कार्रवाई करते हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। मुरैना में लगभग एक घंटे तक जाम रहने के बाद प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर ग्वालियर भेजा गया। भिंड में प्रदर्शन के दौरान पुलिस आरक्षक और एक कांग्रेस नेता के बीच बुजुर्ग की गाड़ी निकालने को लेकर विवाद की स्थिति बनी।
शाजापुर के रोजवास टोल प्लाजा पर हुए प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे और आरोप लगाया कि सरकार किसानों की आवाज दबा रही है तथा गेहूं खरीदी की टोकन व्यवस्था विफल हो चुकी है। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की व बहस भी हुई।
सरकार पक्ष ने इस आंदोलन को राजनीतिक प्रदर्शन बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा काल में ऐसे प्रदर्शन से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती है। वहीं खाद्य मंत्री और भाजपा प्रवक्ताओं ने बताया कि गेहूं खरीदी का आंकड़ा 50 लाख मीट्रिक टन से अधिक पहुंच चुका है तथा हजारों करोड़ का भुगतान किया गया है।
दोपहर बाद विभिन्न जिलों में नेताओं द्वारा आंदोलन समाप्ति की घोषणा के बाद स्थिति सामान्य हो गई और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए यातायात सुचारू किया।



.jpg)








.jpg)
