मध्यप्रदेश , 10 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए अपनाए गए मॉडल की चर्चा इन दिनों पूरे देश में जोर पकड़ रही है। अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित रोड शो तथा वैश्विक एवं क्षेत्रीय उद्योग कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश में निवेश बढ़ाने के प्रयासों को विशेष पहचान मिल रही है।
इसी क्रम में लगभग छप्पन हजार एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय दल ने आठ, नौ और दस अप्रैल को मध्य प्रदेश का विस्तृत दौरा किया।
दल ने धार जिले में स्थित प्रदेश के पहले पी.एम. मित्र पार्क का निरीक्षण किया, जहां दोनों राज्यों की तकनीकी टीमों ने संयुक्त रूप से बैठकर परियोजना का गहन अध्ययन किया। इस दौरान ले-आउट योजना, क्रॉस सेक्शन तथा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश मॉडल की सराहना करते हुए इसे अपने क्षेत्र में लागू करने की इच्छा जताई। इंदौर में एम.पी.आई.डी.सी. के क्षेत्रीय कार्यालय में हुई बैठक में औद्योगिक परियोजनाओं की प्रस्तुति दी गई तथा निवेश को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों, नीतिगत प्रावधानों, अधोसंरचना की गुणवत्ता और योजना निर्माण की जानकारी साझा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी उल्लेख किया कि इंदौर क्षेत्र के पी.एम. मित्र पार्क और पीथमपुर की औद्योगिक पहचान के कारण उन्हें मध्य प्रदेश के निवेश मॉडल को समझने के लिए भेजा गया था। इसके साथ ही दल ने स्मार्ट औद्योगिक पार्क और मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क का भी भ्रमण कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।









_(1).jpg)
.jpg)

.jpg)