सीवान, 12 मई।
जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के तहत दरौंदा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में जुटे थे। मौके से हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन, बाइक और कार भी बरामद की गई है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
दरौंदा थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार शाम पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और सूचना संकलन में लगी हुई थी। इसी दौरान सूचना मिली कि भीखाबांध नहर के समीप कुछ युवक इकट्ठा होकर किसी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई और डायल 112 टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां मौजूद युवक भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर पांच युवकों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार होने में सफल रहे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहाबुद्दीन अंसारी उर्फ कैश, सलाउद्दीन अंसारी, इरशाद अंसारी, राजन यादव और विक्की यादव के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपियों में बुलेट यादव और मुन्ना हाशमी के नाम सामने आए हैं।
तलाशी के दौरान शहाबुद्दीन अंसारी उर्फ कैश के पास से 7.65 एमएम की एक देशी पिस्तौल बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक हथियार में एक गोली बैरल और दूसरी मैगजीन में लोड थी। इसके अलावा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक होंडा साइन बाइक और एक ब्रेजा कार भी जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि बरामद हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज आरोपी पेश नहीं कर सके। सभी गिरफ्तार युवकों के खिलाफ अवैध हथियार रखने और संगठित होकर अपराध की योजना बनाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार को सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।









.jpg)


