अपराध
15 May, 2026

हथियार तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम, दो तस्कर गिरफ्तार

मालदा में कालियाचक पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए हथियार तस्करी की बड़ी साजिश को नाकाम कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया।

मालदा, 15 मई।

जिले में एक बड़े हथियार तस्करी प्रयास को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया है। कालियाचक थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क को उजागर होने से पहले ही रोक दिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मंगल मंडल (27) और सुजन मंडल (20) के रूप में हुई है। इनमें मंगल इंग्लिशबाजार के गौड़ क्षेत्र का निवासी है, जबकि सुजन कालियाचक के उमाकांतटोला इलाके का रहने वाला बताया गया है। इस कार्रवाई की जानकारी पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में दी।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि हथियार बिहार से लाए गए थे। दोनों आरोपितों को शुक्रवार को मालदा जिला अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उनकी सात दिन की रिमांड की मांग की है।

सूत्रों के मुताबिक गुरुवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि शाहबाजपुर से शारदा क्षेत्र की ओर एक मोटरसाइकिल पर बड़ी संख्या में हथियार ले जाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से चार पाइपगन बरामद किए गए, हालांकि उनके पास से कोई जिंदा कारतूस या गोली नहीं मिली। इस बरामदगी के बाद पुलिस भी चौंक गई।

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय है या नहीं। साथ ही आरोपितों से यह भी पूछताछ की जा रही है कि हथियारों की यह खेप किसे और कहां पहुंचाई जानी थी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़