कानपुर, 08 मई।
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में फर्जी फर्म और संदिग्ध बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े बड़े मामले में पुलिस जांच के दौरान काले धन के नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। पूछताछ में गिरोह के सरगना महफूज अली उर्फ पप्पू छुरी ने कई चौंकाने वाली जानकारियां दी हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपित ने स्वीकार किया कि वह एक बैंक कर्मचारी की मदद से बड़े पैमाने पर वित्तीय लेनदेन कराता था और इसके बदले में उसे तय कमीशन दिया जाता था। एपीएमसी व्यवस्था के जरिए अनलिमिटेड ट्रांजेक्शन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती थी।
जांच में सामने आया है कि आरोपित का नेटवर्क स्लॉटर हाउस और स्क्रैप कारोबारियों तक फैला हुआ था, जहां से काले धन को बैंक खातों में जमा कर फिर कमीशन काटकर वापस किया जाता था। यह पूरा खेल फर्जी फर्मों और दस्तावेजों के जरिए संचालित हो रहा था।
पुलिस ने बताया कि अब तक 68 बैंक खातों में लगभग तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई है। गिरोह द्वारा कई राज्यों में फैले नेटवर्क के जरिए यह अवैध वित्तीय गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और इसमें अन्य एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार जांच अभी जारी है और पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल की जा रही है ताकि इसमें शामिल सभी लोगों तक पहुंचा जा सके।



.jpg)


.jpg)

.jpg)


