मीरजापुर, 08 अप्रैल।
मीरजापुर जिले में मंगलवार रात तेज आंधी-तूफान ने जोपा-रामपुर घाट स्थित पांटून पुल की आवाजाही रोक दी और गंगा नदी में बने पुल के दो पीपा करीब 200 मीटर बह गए।
छानबे क्षेत्र के जोपा गांव के सामने स्थित इस पुल पर बुधवार सुबह लोग जब पारगमन के लिए पहुंचे तो उन्होंने पुल के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति देख हैरानी व्यक्त की। पुल बंद होने से भदोही जिले के गोपीगंज, जंगीगंज और ज्ञानपुर की ओर जाने वाले व्यापारी और मजदूर परेशान दिखे। वहीं मीरजापुर के लालगंज से मध्यप्रदेश तक आवाजाही करने वाले लोग भी असमंजस में रहे।
हालात ऐसे रहे कि बाइक सवार और पैदल यात्री जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे गंगा पार करने को मजबूर हो गए। पांटून पुल के टूटने से स्थानीय लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई और लोगों ने पुल पर जल्दी मरम्मत की अपेक्षा जताई।
पीडब्ल्यूडी भदोही के अवर अभियंता अंशू मिश्र ने बताया कि मरम्मत कार्य तेज़ी से चल रहा है। करीब डेढ़ दर्जन मजदूरों को लगाया गया है और नए पीपा की व्यवस्था की जा रही है। बह गए पीपा को वापस खींचकर जोड़ने का काम भी जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौसम साथ देगा तो शाम तक पुल पर आवागमन बहाल हो जाएगा, लेकिन लोगों की निगाहें अब आसमान पर टिकी हैं क्योंकि एक और आंधी आने से मरम्मत कार्य प्रभावित हो सकता है।










.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)