लातेहार, 06 मई
लातेहार जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। मनिका थाना क्षेत्र के कुरुमखेता जंगल में की गई छापेमारी में प्रतिबंधित नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के दो सक्रिय सदस्यों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से एक बड़ी नक्सली योजना को समय रहते विफल कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लातेहार निवासी महादेव सिंह और पलामू निवासी मनोज लोहरा के रूप में की गई है। इनके पास से एक एके-47 राइफल, दो एसएलआर राइफल, 318 जिंदा कारतूस तथा अन्य नक्सली सामग्री बरामद हुई है, जो किसी बड़ी वारदात की तैयारी की ओर संकेत करती है।
लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने जानकारी दी कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि जेजेएमपी के नक्सली कुरुमखेता जंगल में एकत्र होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद विशेष पुलिस टीम का गठन कर त्वरित छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल को देखते ही नक्सलियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से अत्याधुनिक हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ।
एसपी ने बताया कि जिले में नक्सली गतिविधियां पहले की तुलना में काफी कमजोर हुई हैं, हालांकि कुछ बचे हुए नक्सली नए लोगों को जोड़कर संगठन को दोबारा सक्रिय करने का प्रयास कर रहे थे, जिसे पुलिस लगातार अभियान चलाकर विफल कर रही है।
उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय अन्य नक्सलियों से सरकार की ‘नई दिशा’ योजना का लाभ उठाने, आत्मसमर्पण करने और मुख्यधारा में लौटकर सामान्य जीवन जीने की अपील भी की है।








.jpg)


