पुडुचेरी में बुधवार को होने वाले एआईएनआरसी नेता एन. रंगासामी के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। इस दौरान उनके कई कार्यक्रम भी निर्धारित हैं, जिनमें पार्टी विधायकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात शामिल है।
भाजपा मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नितिन नवीन मंगलवार शाम पुडुचेरी पहुंचेंगे। उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ता स्वागत करेंगे, जिसके बाद वे सीधे भाजपा कार्यालय जाएंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों से भी संवाद करेंगे।
आगे कार्यक्रम के तहत वे भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारजनों से भी भेंट करेंगे। पार्टी की ओर से इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह लोक निवास में आयोजित किया जाएगा, जहां उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन एन. रंगासामी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री तथा पुडुचेरी चुनाव प्रभारी डॉ. मनसुख मंडाविया भी मौजूद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि पुडुचेरी में एआईएनआरसी के नेतृत्व में एनडीए सरकार का गठन हो रहा है, जिसमें भाजपा गठबंधन की दूसरी प्रमुख सहयोगी पार्टी है।







.jpg)


.jpg)