सिवनी, 07 मई।
सिवनी जिले में अवैध और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग का सघन जांच अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने कई वाहनों पर कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस को जब्त कर लिया।
जांच अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की। इसी दौरान यात्री बस क्रमांक MP50P0868 को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि बस बिना वैध परमिट, बीमा और फिटनेस प्रमाण पत्र के संचालित की जा रही थी। इसके साथ ही वाहन का पिछले दो वर्षों से कर भी जमा नहीं किया गया था, जिससे उस पर करीब 2 लाख 75 हजार रुपये का कर बकाया पाया गया। बस का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र भी अमान्य मिला।
गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने बस को तत्काल जब्त कर कार्यालय परिसर में खड़ा कराया और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अभियान के दौरान अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। वाहन क्रमांक MH40CQ1587 (जेसीबी) पर वैध बीमा और पीयूसी नहीं होने के कारण 10 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं वाहन क्रमांक MP22ZJ3845 पर नियम विरुद्ध संचालन के चलते 3 हजार रुपये और वाहन क्रमांक MP15G4379 पर फिटनेस नहीं होने के कारण 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस तरह के जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों व चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने वाहन संचालकों से सभी जरूरी दस्तावेज समय पर अद्यतन रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की है।





.jpg)

.jpg)





