रायगढ़, 6 मई।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोतरारोड थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर की।
जानकारी के अनुसार, महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 मई को वह अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से रायगढ़ लौट रही थी। रास्ते में वाहन खराब होने पर दोनों पैदल जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम कुसमुरा तालाब के पास कार सवार दो व्यक्तियों ने महिला से छेड़छाड़ की।
विरोध करने पर आरोपितों ने महिला के पति के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा पुलिस बुलाने की बात कहने पर धमकी भी दी। घटना के बाद महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपितों की तस्वीर मोबाइल में ले ली और अगले दिन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों की पहचान चैतन्य राणा और उत्तरा कुमार श्रीवास के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में एक आरोपित ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार, चाबी और आरसी कार्ड भी जब्त कर लिया है।
अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।








.jpg)



