जोधपुर, 06 मई
स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की सूचना पर शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) हिन्दी प्रतियोगी परीक्षा 2022 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा दिलाने के मामले में एक वरिष्ठ अध्यापक को गिरफ्तार किया है।
यह मामला जनवरी माह में एसओजी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्यामसुंदर विश्रोई की ओर से दर्ज कराया गया था। पुलिस ने आरोपित दिनेश कुमार पुत्र बाबूलाल विश्नोई, निवासी कुडा, रानीवाड़ा (जिला जालोर) और वर्तमान में केन्द्रीय विद्यालय ओएनजीसी चांदखेड़ा, अहमदाबाद में वरिष्ठ अध्यापक पद पर कार्यरत को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि परीक्षा के दौरान फोटो मिलान, हस्ताक्षर और अन्य दस्तावेजों में भिन्नता पाए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया था। यह परीक्षा 15 अक्टूबर 2022 को सरकारी विद्यालयों में आयोजित की गई थी।
एसओजी की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि दिनेश कुमार ने अपने परिचित मनोहर लाल पुत्र हरिराम निवासी खारा, तहसील सांचौर, जिला जालोर से संपर्क किया था। उसने प्रथम प्रश्न पत्र सामान्य ज्ञान एवं सामान्य अध्ययन के लिए डमी अभ्यर्थी बैठाने की बात कही थी, जबकि द्वितीय प्रश्न पत्र हिन्दी स्वयं देने की योजना बताई थी।
समझौते के अनुसार चयन के बाद पैसों का लेन-देन तय किया गया था। इसके बाद दिनेश कुमार ने अपनी फोटो और अन्य दस्तावेज मनोहर लाल को उपलब्ध कराए थे, ताकि डमी अभ्यर्थी परीक्षा में बैठ सके।
अनुसंधान के दौरान मूल अभ्यर्थी दिनेश कुमार ने यह स्वीकार किया कि सामान्य ज्ञान एवं सामान्य अध्ययन का प्रश्न पत्र उसने स्वयं नहीं दिया था, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा डमी के रूप में परीक्षा दी गई थी। हालांकि उसे यह जानकारी नहीं थी कि डमी अभ्यर्थी कौन था। वहीं हिन्दी का प्रश्न पत्र उसने स्वयं हल किया था।
पुलिस अब इस पूरे मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।








.jpg)




